छग में बोले राहुल: देश की प्रगति किसानों व मजदूरों की देन

रायपुर। हिन्दुस्तान की जनता ने अपनी मेहनत से देश में बदलाव लाया है। देश की प्रगति किसानों व मजदूरों की देन है। जिन करोड़ों लोगों ने देश को बनाया उन्हें दबाकर कुछ लोगों के हाथों में देश की बागडोर सौंप रहे हैं। देश के अंदर भारतीय जनता पार्टी नफरत फैला रही है। बीजेपी देश को खतरे की ओर ले जा रही। बीजेपी ने देश को दो भागों में बांट दिया है। एक देश अरबपतियों का और दूसरा मजदूरों का हो गया है। बीजेपी और आरएसएस देश में एक विचारधारा चाहती है। जबकि यह देश एक गुलदस्ता जैसा है, जिसमें अलग-अलग विचार, भाषा और संस्कृति है। यह पार्टी की नहीं बल्कि विचारधारा की लड़ाई है। वे एक प्रदेश को दूसरे प्रदेश से, एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं। उक्त बातें कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में कही। राहुल गांधी ने महाराष्ट्र की वर्धा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में सेवाग्राम, छत्तीसगढ़ अमर जवान ज्योति की आधारशिला रखी तो वहीं राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूरों न्याय योजना व राजीव युवा मितान क्लब योजना का शुभारंभ किया। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के 10 उद्योगपति मित्रों के पास देश का पैसा है। भाजपा कुछ उद्योगपतियों की प्रगति चाहती है, जबकि कांग्रेस पूरे देश की प्रगति चाहती है। उन्होंने कहा कि हम किसानों की मदद कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में रूस्क्क में धान खरीदी हो रही है। किसानों को 2500 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान हो रहा है। राहुल ने कहा कि किसानों की मदद से छत्तीसगढ़ में धान को उत्पादन बढ़ गया। हमने उद्योगपतियों को नहीं बल्कि किसानों को मेहनत का सही दाम दिया है।