मौसम विभाग का अनुमान: फरवरी के पहले हफ्ते में बारिश

नई दिल्ली। बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्य पिछले कुछ दिनों से भीषण शीत लहर की चपेट में हैं। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज से स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होना शुरू हो जाएगा। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में आगे कहा कि उत्तर पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में 2 से 4 फरवरी तक बारिश होगी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिन में धूप खिली रहने की संभावना है।