बीजेपी सूची: अमेठी-गौरीगंज के लोगों को कैंडिडेटों का इंतजार

अमेठी। शुक्रवार को भाजपा ने अमेठी लोकसभा क्षेत्र की तीन अन्य सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए। तिलोई व जगदीशपुर में पुराने सूरमाओ पर ही भरोसा जताया गया है तो सलोन में दिवंगत विधायक दल बहादुर कोरी के पुत्र अशोक कोरी को टिकट दिया गया है। शुक्रवार को पूरे दिन नेताओं के समर्थक भाजपा की सूची को लेकर निगाह जमाए थे। सूची आई भी तो गौरीगंज अमेठी विधानसभा के उम्मीदवार नहीं घोषित हो सके। कांग्रेस पार्टी ने भी अभी गौरीगंज अमेठी से उम्मीदवार नहीं घोषित किया है। समाजवादी पार्टी की ओर से गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह और अमेठी से पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की पत्नी महाराजी देवी को प्रत्याशी घोषित किया गया है। अमेठी विधानसभा से बसपा से रागिनी तिवारी लगातार क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रही हैं। गौरीगंज में बसपा से भी प्रत्याशी का इंतजार है। 91 उम्मीदवारों की सूची में तिलोई से मयंकेश्वर शरण सिंह पर चौथी बार भाजपा ने भरोसा जताया है। मयंकेश्वर 2017 में भी पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गए थे। इस सीट पर भाजपा मजबूत स्थिति में मानी जा रही है। यहां से कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल को जबकि सपा ने कांग्रेस पार्टी से ही टूट कर आए मो. नईम को उम्मीदवार बनाया है। बसपा ने अभी उम्मीदवार नहीं घोषित किया है। जगदीशपुर सुरक्षित सीट से 2017 में विधायक चुने गए और प्रदेश में राज्यमंत्री सुरेश पासी को एक बार फिर टिकट दिया गया है। इस सीट पर कांग्रेस ने विजय पासी जबकि सपा ने रचना कोरी को उम्मीदवार बनाया है। बसपा ने इस सीट पर भी अभी उम्मीदवार नहीं घोषित किया है। सलोन सुरक्षित सीट से दिवंगत विधायक दल बहादुर कोरी के पुत्र अशोक कोरी को टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने यहां से अर्जुन पासी को जबकि सपा ने जगदीश प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है बसपा ने यहां भी प्रत्याशी नहीं तय किया है।