गणतंत्र दिवस में इस बार 75 विमानों का फ्लाई पास्ट

नई दिल्ली। इस बार का गणतंत्र दिवस परेड कुछ खास होने वाला है। इस बार की परेड में इतिहास में पहली बार 75 विमानों का फ्लाई पास्ट होगा। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि 75 विमानों का भव्य फ्लाई-पास्ट सांस्कृतिक प्रदर्शन, 75 मीटर लंबाई के 10 स्क्रॉल का प्रदर्शन और 10 बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए जाने जैसे कार्यक्रम बुधवार को गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार होंगे। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि गणतंत्र दिवस परेड-2022 भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में हो रही है जिसे पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। ग्रैंड फिनाले और परेड के सर्वाधिक प्रतीक्षित खंड फ्लाई-पास्ट में पहली बार भारतीय वायुसेना के 75 विमान आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में दिखेंगे।