चुनाव बाद सपा से हाथ मिलाएगी कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने साफ किया है कि यदि चुनाव बाद जरूरत पड़ी तो उनकी पार्टी गठबंधन सरकार में शामिल हो सकती है। खुद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि पार्टी अपने अजेंडे की शर्त पर ऐसा कर सकती है। यूपी में 20 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी का वादा करते हुए भर्ती विधान जारी करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव बाद यदि किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिलता है तो कांग्रेस गठबंधन सरकार में शामिल हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि वह यदि कांग्रेस गठबंधन सरकार में शामिल होती है तो युवाओं और महिलाओं को लेकर दिए अपने अजेंडे को पूरा करेगी। उनकी बात से साफ है कि चुनाव के बाद वह सपा और रालोद के गठबंधन को बहुमत न मिलने की स्थिति में उनके साथ जा सकती हैं। प्रियंका गांधी से पूछा गया कि यदि यूपी में किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिलता तो क्या कांग्रेस गठबंधन के लिए तैयार है? प्रियंका ने कहा, ”जब ऐसी परिस्थिति आएगी तो तय किया जाएगा, लेकिन यदि ऐसी परिस्थिति आई भी और हम किसी सरकार किसी गठबंधन की सरकार में शामिल हों या सपोर्ट दें तो हम चाहेंगे कि जो हमने अजेंडा महिलाओं और युवाओं के लिए बनाया है वह पूरा हो। यह हमारी शर्त होगी। खासतौर पर महिलाओं वाला।”