पूर्व मंत्री देशमुख की जमानत खारिज: जेल में ही रहेंगे

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है्ं। गुरुवार को अदालत ने देशमुख की जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें झटका दिया है। मुंबई की एक विशेष अदालत ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक केस में उनकी न्यायिक हिरासत 14 दिनों तक के लिए बढ़ा दी है। बता दें कि अनिल देशमुख को प्रवर्तन निदेशालय ने 2 नवंबर, 2021 को गिरफ्तार किया था। अनिल देशमुख को रंगदारी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल पूर्व गृहमंत्री मुंबई के आर्थर जेल रोड में कैद हैं। महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर 100 करोड़ रुपए रंगदारी मांगने का आरोप था। राज्य के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने अनिल देशमुख पर संगीन आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि पूर्व गृहमंत्री ने बर्खास्त चल रहे असिस्टेंट इंस्पेक्टर सचिन वाजे को 100 करोड़ रुपए वसूली करने का टारगेट दिया था। आरोप है कि यह वसूली हर महीने मुंबई के होटल और बार से करने के लिए कहा गया था।