पिथौरागढ़ में भारी बर्फबारी: पर्यटक फंसे, हालात खराब

डेस्क। पिथौरागढ़ जिले में भारी बर्फबारी के बाद थल-मुनस्यारी सडक़ 15 घंटे से अधिक समय तक बंद रही। इस दौरान माइनस 6 डिग्री तापमान में यहां क्रिसमस मनाने आ रहे कई पर्यटक और यात्री वाहन फंसे रहे। हिमपात से थल-मुनस्यारी सडक़ कालामुनि के पास कई किमी दूर तक बंद हो गई। इस रोड पर 25 से अधिक वाहनों में 63 से अधिक यात्री फंसे रहे। बर्फबारी और माइनस 6डिग्री तापमान के बीच वाहनों में यात्री सुबह होने का इंतजार करते रहे। इस दौरान भूख से भी यात्रियों का बुरा हाल रहा। सडक़ के बंद रहने से भूखे-प्यासे फंसे यात्रियों की प्रशासन ने भी सुध नहीं ली। यात्री करीब 15 घंटे तक मार्ग पर फंसे रहे। महिलाओं और बुजुर्गों को अधिक दिक्कत हुई। कालामुनि में कड़ाके की ठंड के बीच फंसे रहे पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रस्पन केरल से 11 साथियों के साथ यहां आए थे। सडक़ बंद हो जाने के कारण उन्होंने कालामुनि में किसी तरह रात बिताई। सुबह वाहनों को धक्का देकर मुनस्यारी पहुंचे। इसके बाद वह बिना रुके धारचूला मार्ग से वापस दिल्ली को चले गए। महाराष्ट्र की राधिका और पंकज ने कहा कि उनके अनुभव बहुत बुरे रहे। बर्फबारी देखी लेकिन कड़ाके की ठंड में रात काटने का अनुभव परेशान करने वाला रहा। कोलकाता के ट्रेवल कंपनी नेशनल टूरिज्म के आजाद खान ने बताया कि उनकी बस फंसी रही। कई घंटे बाद पर्यटकों ने स्वयं धक्का देकर वाहन को निकाला।