राहुल के दौरे ने अमेठी से रिश्तों में पैदा की गर्माहट

आशुतोष मिश्र,अमेठी। कांगे्रस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर अपने पुराने संसदीय क्षेत्र अमेठी में हुंकार भरी। प्रियंका के साथ राहुल ने अमेठीवासियों को पुराने रिश्तों की याद दिलाई। राहुल के दौरे ने एक बार फिर अमेठी से पुराने रिश्तों में गर्माहट पैदा कर दी। दौरे के दौरे उन्होंने हिन्दू और हिन्दुत्व पर बात की। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सच्चाई के रास्ते पर पूरी जिंदगी गुजार दे वह हिन्दू है। जो व्यक्ति अपने डर को नफरत व हिंसा में बदल दे वह हिन्दुत्ववादी है। राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी को हिन्दुत्ववादी बताते हुए कहा कि वह अकेले गंगा स्नान करने वाले पहले व्यक्ति हैं। 2019 के आम चुनाव में अमेठी से पराजय के बाद दूसरी बार बहन प्रियंका के साथ अमेठी आए राहुल गांधी बेबाक अंदाज में नजर आए। उन्होंने अमेठी के जगदीशपुर कस्बे से हारीमऊ तक पदयात्रा करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए हिन्दू और हिन्दुत्व शब्द की व्याख्या किया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री ने गंगा में स्नान किया। पहली बार मैंने जिन्दगी में देखा कि एक आदमी गंगा में स्नान कर रहा है। बाकी सबको बंद कर दिया। योगी जी को हटा दिया। राजनाथ सिंह को बाहर फेंक दिया। राहुल ने कहा कि नरेन्द्र जी छोटे थे उन्होंने मगरमच्छ से लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने लोगों से सवाल पूछा कि क्या हिन्दू झूठा होता है। हिन्दू का मतलब बताते हुए राहुल ने कहा कि जो सच्चाई के राश्ते पर पूरी जिंदगी गुजार दे उसे हिन्दू कहते हैं। जो व्यक्ति अपने डर के सामने अपने सिर को भी नहीं झुकाता उसे हिन्दू कहते हैं। सच के राश्ते पर चलने वाले महात्मा गांधी को पूरे देश ने महात्मा कहा। दूसरी तरफ नाथूराम गोडसे हिंदूवादी था। उसको किसी ने महात्मा नहीं कहा न कहा सकते हैं। नाथूराम गोडसे ने सच बोलने वाले हिंदू की छाती में तीन गोली मारी। वह कायर और एक कमजोर आदमी था। मोदी के हिंदुत्व पर तंज कसते हुए राहुल ने कहा कि वह गंगा में अकेले स्नान करते हैं। हिंदू करोड़ों लोगों के साथ गंगा में स्नान करता है। कृषि कानूनों पर बोलते हुए राहुल ने कहा कि मोदी ने कहा कि उन्होंने तीन कानून किसानों के हित में लागू किये हैं। जबकि ये तीन कानून अडानी व अम्बानी के लिए बनाये गए हैं। उन्होंने किसानो को खालिस्तानी कहा। बाद में प्रधानमंत्री कहते हैं कि भाइयों बहनों गलती हो गई, मैं माफी मांगता हूं। राहुल गांधी ने अमेठी से अपने पारिवारिक रिश्तों की भी बात की। कहा कि यह रिश्ता प्यार का रिश्ता है, झूठ का नहीं है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी अमेठी से पारिवारिक रिश्तों की याद दिलाई।