अखिलेश बोले: बीजेपी ने जनता को किया निराश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने जनता को बुरी तरह निराश किया है। उसकी नीतियों और कार्यप्रणाली से उत्तर प्रदेश की जनता असंतुष्ट है। किसान, नौजवान, गरीब महंगाई की मार से टूट गए हैं। इसलिए जनता अब भाजपा से मुक्ति चाहती है। उसको भरोसा है कि समाजवादी सरकार बनने पर ही भला होगा। अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी कार्यालय लखनऊ में डॉ0 राममनोहर लोहिया सभागार में एकत्र कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता यह भी जानती है कि भाजपा ने देश की अर्थव्यवस्था को तहस-नहस करने के साथ नोटबंदी और जीएसटी से व्यापार और काम धंधा भी चौपट कर दिया हैं। विकास अवरुद्ध है। समाजवादी सरकार के कामों को ही वह अपना बताकर अपनी अकर्मण्यता पर पर्दा डाल रही है। जब उसकी सत्ता से रवानगी के चंद दिन रह गए हैं लोगों को बहकाने के लिए भाजपा सरकार लोकार्पण और शिलान्यास का नाटक करने लगी है। श्री यादव ने कहा कि सच तो यह है कि भाजपा ने अब तक एक ही काम किया है वह है समाजवादी पार्टी के विरूद्ध साजिशें रचना। भाजपा का काम झूठे आरोपों का प्रचार-प्रसार करना भी है। राजनीति को अभद्र भाषा और असंगत कार्य व्यवहार से भाजपा ने बुरी तरह प्रदूषित किया है। भाजपा को लोकलाज के विरूद्ध आचरण करने में जरा भी संकोच नहीं।