हिमाचल के सीएम बोले: बीजेपी के लिए अलर्ट है हार

शिमला। हिमाचल प्रदेश उपचुनाव में करारी हार को भाजपा के लिए अलर्ट बताते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि इसे उनकी सरकार के अंतिम मूल्यांकन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने ये जरूर कहा कि ये समय से पहले एक अलर्ट है क्योंकि इससे हमारी पार्टी को अति आत्मविश्वास से छुटकारा मिलेगा। हाल ही में राज्य में हुए उपचुनावों में भाजपा अर्की, फतेहपुर और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीटों के साथ-साथ मंडी की लोकसभा सीट पर भी हार गई। मंडी लोकसभा सीट सीएम जयराम ठाकुर की गृह सीट है। 2019 के आम चुनावों में भाजपा ने मंडी को जीता था। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा है कि इन उपचुनावों में पार्टी की हार के पीछे कई कारण हैं, जिसके लिए गहन विश्लेषण और मंथन की आवश्यकता है।