अफगानिस्तान से लौटेंगे सभी अमेरिकी सैनिक : जो बाइडेन

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाने की एक मई की समयसीमा को बढ़ा कर 11 सितंबर करने का फैसला किया है, जो 9/11 हमले की 20वीं बरसी है। अमेरिकी अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बाइडन कई हफ्तों से इसके संकेत दे रहे थे कि वह उस समयसीमा को बढ़ा सकते हैं, जो ट्रंप प्रशासन ने तालिबान के साथ बातचीत कर के तय की थी। यह स्पष्ट हो गया था कि ढाई हजार सैनिकों की वापसी एक मई तक करना कठिन होगा। घोषणा होने से पहले अमेरिकी अधिकारियों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बाइडन के निर्णय की जानकारी दी थी। पहली बार यह खबर द वाशिंगटन पोस्ट के हवाले से आई थी। इस बीच संयुक्त राष्ट्र से प्राप्त समाचार के अनुसार संयुक्त राष्ट्र, तुर्की और कतर इस महीने अफगानिस्तान और तालिबान के प्रतिनिधियों के बीच एक उच्च स्तरीय तथा समावेशी सम्मेलन आयोजित करने जा रहे हैं।