देश में अब 9 करोड़ से ज्यादा को लगी वैक्सीन

नई दिल्ली। देश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच लोगों को वैक्सीन भी लगाई जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि देश में शुक्रवार तक कोविड-19 वैक्सीन की कुल 9.80 करोड़ से अधिक खुराक लोगों को दी जा चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 14,75,410 सत्रों के माध्यम से कुल वैक्सीन की 9,80,75,160 खुराक दी गई है। पिछले 24 घंटों में लगभग 34 लाख टीके लोगों को लगाए गए हैं।
मंत्रालय ने यह भी बताया है कि आठ राज्यों में देश में दी गई कुल खुराक का 60.62 प्रतिशत हिस्सा है। आपको बता दें कि 9 अप्रैल को टीकाकरण अभियान के 84वें दिन वैक्सीन की 34,15,055 खुराक दी गई। जिनमें से 30,06,037 लाभार्थियों को पहली खुराक और 4,09,018 लाभार्थियों दूसरी खुराक प्राप्त हुई। दुनिया के अन्य देशों की तुलना में भारत रोजाना दिए जाने वाले खुराकों पर पहले स्थान पर काबिज है। यहां औसतन प्रति दिन 38,93,288 खुराक दी जा रही है।