आकांक्षा समिति ने लगाया कैंप: ईश्रम पोर्टल पर होगा पंजीकरण

लखनऊ। आकांक्षा समिति उ0प्र0 की अध्यक्षा डॉ0 अर्चना तिवारी ने आकांक्षा समिति द्वारा बटलर पैलेस में संचालित मसाला-मठरी केन्द्र में कार्यरत कामगारों का श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण हेतु लगाये गये कैम्प का शुभारम्भ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आकांक्षा समिति मसाला-मठरी केन्द्र में कार्यरत कामगारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान किये जाने के उद्देश्य से ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन हेतु पंजीकरण कैम्प का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा असंगठित कामगारों का एक राष्ट्रीय स्तर पर डेटाबेस तैयार करने के उद्देश्य से उनका ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। पंजीकरण के पश्चात उसे प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के तहत 02 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में असंगठित कामगारों के सभी सामाजिक सुरक्षा लाभों के वितरण में इस डाटाबेस का उपयोग किया जायेगा। इसके अतिरिक्त किसी भी राष्ट्रीय संकट या कोविड-19 जैसी महामारी की स्थिति के दौरान पात्र कामगारों को सहायता प्रदान करने के लिए भी इस डाटाबेस का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आकांक्षा समिति गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों एवं महिलाओं को स्वावलम्बी, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। भविष्य में भी मसाला-मठरी केन्द्र में कार्यरत कामगारों को केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित कराने के उद्देश्य से इस तरह के शिविरों का आयोजन किया जायेगा।